• Sat. May 30th, 2026

    दूल्हा हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर होगा धरना-प्रदर्शन : अशोक सिंह

    Share

    एक माह बाद भी दो आरोपी फरार

    राजनीतिक संरक्षण का लगाया आरोप

    सड़क और जनहित के मुद्दों पर भी सरकार को घेरा

    जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बहुचर्चित दूल्हा हत्याकांड में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर समाज विकास क्रांति पार्टी ने आंदोलन की चेतावनी दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं जौनपुर लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी अशोक सिंह ने कहा है कि यदि पुलिस जल्द ही शेष आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती है तो उनकी पार्टी सड़क पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी।

    गौरतलब है कि 1 मई को सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़ौर गांव निवासी आजाद बिंद की उस समय गोली मारकर हत्या कर दी गई थी, जब वह अपनी बारात लेकर खेतासराय थाना क्षेत्र के बीबीपुर गांव जा रहे थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने पूरे प्रदेश का ध्यान अपनी ओर खींचा था।

    अशोक सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के लगभग एक माह बाद भी मामले के दो मुख्य आरोपी भोला राजभर और प्रदीप बिंद पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं। दोनों आरोपियों पर एडीजी वाराणसी जोन द्वारा एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया जा चुका है, इसके बावजूद उनकी गिरफ्तारी नहीं हो सकी है। उन्होंने कहा कि पुलिस चाहे तो सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सकती है, लेकिन उन्हें जानबूझकर बचाया जा रहा है।

    उन्होंने आरोप लगाया कि फरार आरोपियों के सत्ता पक्ष के नेताओं के साथ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं, जिससे राजनीतिक संरक्षण मिलने की आशंका और मजबूत होती है। अशोक सिंह ने कहा कि यदि एक आरोपी रवि यादव का एनकाउंटर हो सकता है तो इतने चर्चित मामले के अन्य आरोपी अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर क्यों हैं, यह गंभीर सवाल है।

    समाज विकास क्रांति पार्टी के अध्यक्ष ने प्रदेश सरकार के अपराधमुक्त उत्तर प्रदेश के दावे पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यह घटना सरकार और उसके जनप्रतिनिधियों की विफलता को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि आम जनता को न्याय दिलाने के बजाय सत्ता से जुड़े लोगों को संरक्षण दिया जा रहा है।

    अशोक सिंह ने जनपद की अन्य समस्याओं को भी उठाया। उन्होंने कहा कि जौनपुर-प्रयागराज मार्ग पर निर्माणाधीन पुल का कार्य लंबे समय से बंद पड़ा है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं जौनपुर-वाराणसी मार्ग की बदहाल स्थिति पर भी उन्होंने नाराजगी जताई।

    इसके अलावा उन्होंने आरोप लगाया कि एक मामले के सिलसिले में थाने पहुंचे प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानी जमींदार सिंह के प्रपौत्र डॉ. विक्रम सिंह को कई घंटों तक बैठाकर रखा गया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि स्वतंत्रता सेनानी के परिवार के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है तो आम नागरिकों को पुलिस से न्याय और सम्मान की कितनी उम्मीद होगी, यह विचारणीय विषय है।

    अशोक सिंह ने चेतावनी दी कि यदि दूल्हा हत्याकांड के फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी नहीं हुई तो उनकी पार्टी जनहित और न्याय की मांग को लेकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *