जौनपुर, 30 मई 2026। संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 31 मई को होने वाली परीक्षा की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया गया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहे तथा पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सीसीटीवी कैमरे, बैठने की व्यवस्था सहित सभी मूलभूत सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित कर ली जाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि परीक्षा के दौरान शासन द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 का आयोजन 31 मई 2026 को दो पालियों में किया जाएगा। प्रथम पाली सुबह 9:00 बजे से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली दोपहर 2:00 बजे से 5:00 बजे तक संचालित होगी।
परीक्षा को सकुशल एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद में 19 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 37 स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। जिले में कुल 37 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां 17,144 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को परीक्षा अवधि के दौरान लगातार निगरानी बनाए रखने और केंद्रों पर व्यवस्थाओं का समय-समय पर सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की शुचिता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) परमानंद झा, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश यादव, केंद्राध्यक्ष विवेक सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


