जौनपुर। जिले के बदलापुर तहसील अंतर्गत सिंगरामऊ थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई, जब सैलून में बैठे एक युवक पर बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने फायरिंग कर दी। हमले में युवक बाल-बाल बच गया, जबकि घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक रामीपुर गांव निवासी आशीष मिश्रा मेढ़ा मोड़ स्थित एक सैलून में शेविंग करा रहे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक वहां पहुंचे और अचानक उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दीं। पहली गोली युवक के बेहद करीब से गुजरते हुए दीवार में जा लगी, जबकि दूसरी गोली भी निशाना चूक गई।
अचानक हुई गोलीबारी से सैलून और आसपास मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। आशीष मिश्रा के शोर मचाने पर स्थानीय लोग मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक हमलावर बाइक से रतासी बाजार की दिशा में फरार हो चुके थे।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और सिंगरामऊ पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। मौके से मिले साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
थाना प्रभारी सैय्यद हसनैन मुंतजार ने बताया कि मामला प्रथम दृष्टया किसी पुराने विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस सतर्कता बढ़ा दी गई है।


