• Wed. May 27th, 2026

    जौनपुर में कपड़े की थोक दुकान में भीषण आग, करीब 25 लाख का सामान जलकर राख

    Share

    जौनपुर। कोतवाली क्षेत्र के मानिक चौक में मंगलवार देर रात एक कपड़े की थोक दुकान में भीषण आग लग गई। इस घटना में करीब 25 लाख रुपये का तैयार माल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।

    दुकान अरविंद कुमार पुत्र राजेंद्र प्रसाद की बताई जा रही है, जो मूल रूप से दूधुरा गांव के निवासी हैं। उन्होंने बताया कि घटना के समय दुकान में शादी-विवाह सीजन के कारण भारी मात्रा में कपड़ों का स्टॉक रखा हुआ था, जिससे नुकसान और अधिक बढ़ गया।

    स्थानीय व्यापारियों ने दुकान के शटर से धुआं निकलता देख तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना पर दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक दुकान के भीतर रखा सारा सामान जल चुका था।

    एफएसओ नागेंद्र नाथ द्विवेदी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है, लेकिन इसकी पुष्टि विस्तृत जांच के बाद ही होगी।

    घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। दुकान मालिक की तहरीर पर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है तथा आग के वास्तविक कारणों की जांच के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है।

    इस घटना से व्यापारियों में अफरा-तफरी का माहौल रहा और भारी आर्थिक नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed