• Wed. May 27th, 2026

    सुरेरी की सुष्मिता सिंह बनीं IFS अफसर, UPSC में हासिल की 32वीं रैंक

    Share

    रामपुर (जौनपुर)। सुरेरी क्षेत्र के पृथ्वीपुर गांव की सुष्मिता सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) परीक्षा में ऑल इंडिया 32वीं रैंक हासिल कर भारतीय वन सेवा (IFS) में चयन पाकर जनपद का नाम रोशन किया है। यूपीएससी का परिणाम 6 मार्च 2026 को घोषित हुआ था। मंगलवार देर शाम गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका भव्य स्वागत किया और फूल-मालाओं से सम्मानित किया।

    सुष्मिता सिंह ने 12वीं के बाद देहरादून स्थित एक इंजीनियरिंग कॉलेज से कंप्यूटर साइंस में बीटेक की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने यूपीएससी की तैयारी शुरू की। यह उनका छठवां प्रयास था, जिसमें उन्हें यह बड़ी सफलता प्राप्त हुई।

    सुष्मिता सिंह के पिता भानु प्रताप सिंह, जो स्वयं भारतीय वन सेवा (IFS) से सेवानिवृत्त अधिकारी हैं, ने बताया कि सुष्मिता शुरू से ही मेधावी और अनुशासित रही हैं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते हुए यह उपलब्धि हासिल की।

    परिवार में शिक्षा और सेवाभाव का मजबूत वातावरण रहा है। सुष्मिता चार बहनों में सबसे बड़ी हैं। उनकी एक बहन सुप्रीम कोर्ट में अधिवक्ता हैं, दूसरी इंजीनियर और सबसे छोटी बहन मेडिकल की पढ़ाई कर रही है।

    गांव में आयोजित स्वागत समारोह में ग्राम प्रधान कल्लू सिंह, डॉ. सुभाष गुप्ता, पूर्व प्रधान बिपिन कुमार सिंह (टिंकू), बच्चन सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने कहा कि सुष्मिता की सफलता क्षेत्र की बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed