जौनपुर। गौराबादशाहपुर क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक दर्दनाक घटना उस समय टल गई जब एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ गोमती नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद तीन युवकों की तत्परता और साहस से तीनों की जान बचा ली गई।
घटना शास्त्री ओवरब्रिज के पास की है। बताया जा रहा है कि गौराबादशाहपुर निवासी महिला साधना देवी ने घरेलू विवाद और पति की शराब की लत से परेशान होकर यह कदम उठाया। घटना के समय नदी में नहा रहे स्थानीय युवक सूरज निषाद, अखिलेश निषाद और विजय प्रजापति ने स्थिति को देखते ही बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और महिला सहित दोनों बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
तीनों युवकों की सूझबूझ और साहस से एक बड़ा हादसा टल गया और तीन जिंदगियां बच गईं। स्थानीय लोगों ने भी युवकों के इस साहस की सराहना की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर शांत किया। पूछताछ में महिला ने बताया कि उसकी शादी को लगभग 10 वर्ष हो चुके हैं और वह पिछले पांच वर्षों से ससुराल से अलग रह रही है। उसने आरोप लगाया कि उसका पति शराब का आदी है और रोज नशे की हालत में घर आता है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
पुलिस ने महिला के पति को भी मौके पर बुलाकर दोनों पक्षों को समझाया और परिवार को सुरक्षित घर भेज दिया।
घटना की जानकारी मिलने पर भगवान निषाद राज जन सेवा समिति के संस्थापक अध्यक्ष धर्मेंद्र निषाद भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने तीनों युवकों के साहस की सराहना करते हुए सरकार से उन्हें सम्मानित करने की मांग की।


