लखनऊ/जौनपुर। राजधानी लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर दिनदहाड़े एक प्रॉपर्टी डीलर को गोली मार दी गई। बाइक सवार दो बदमाशों ने उनके कार्यालय के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी और हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घायल प्रॉपर्टी डीलर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायल की पहचान संदीप सिंह, मूल निवासी जनपद जौनपुर, के रूप में हुई है। वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ लखनऊ के कालिंदी पार्क क्षेत्र में रहते हैं और प्रॉपर्टी डीलिंग का व्यवसाय करते हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बुधवार दोपहर करीब 12 से 12:30 बजे के बीच संदीप सिंह अपने ड्राइवर प्रदीप सिंह के साथ कल्ली पश्चिम बाजार स्थित यादव मार्केट में अपने कार्यालय पहुंचे थे। वह कार से उतरकर कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, तभी अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे और उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगते ही संदीप सिंह मौके पर गिर पड़े। घटना के बाद हमलावर तेजी से फरार हो गए।
स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर बेहद पेशेवर तरीके से वारदात को अंजाम देकर फरार हुए। बाइक चला रहा आरोपी हेलमेट पहने था, जबकि पीछे बैठे बदमाश ने कपड़े से अपना चेहरा ढक रखा था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी है। मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार हमलावरों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। शुरुआती जांच में आपसी रंजिश समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है।
डीसीपी दक्षिण अमित कुमार आनंद ने बताया कि दोपहर करीब एक बजे संदीप सिंह को गोली मारने की सूचना मिली थी। सीसीटीवी फुटेज में बाइक सवार दो युवक दिखाई दिए हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


