गौराबादशाहपुर, जौनपुर। क्षेत्र के नयनसंड स्थित प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थान सुप्रभात चिल्ड्रेंस एकेडमी के अंतर्गत संचालित सुप्रभात स्पोर्ट्स एकेडमी के लिए गर्व का क्षण तब आया, जब आजमगढ़ के जिवली निवासी 16 वर्षीय प्रतिभाशाली क्रिकेटर पीयूष यादव ने उत्तराखंड क्रिकेट लीग में अपने शानदार प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
पूरे टूर्नामेंट के दौरान पीयूष ने बेहतरीन फील्डिंग, आक्रामक बल्लेबाजी और उत्कृष्ट खेल भावना का परिचय दिया। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘बेस्ट फील्डर’ और ‘बेस्ट स्ट्राइकर’ जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। कम उम्र में हासिल की गई यह उपलब्धि न केवल पीयूष बल्कि पूरे जौनपुर और आजमगढ़ क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बन गई है।
पीयूष यादव की लगातार बेहतर होती खेल क्षमता और प्रभावशाली प्रदर्शन को देखते हुए उनका चयन अब नेपाल में आयोजित होने वाली एक प्रतिष्ठित क्रिकेट लीग के लिए भी कर लिया गया है। खेल विशेषज्ञ इसे उनके क्रिकेट करियर की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि और उज्ज्वल भविष्य का संकेत मान रहे हैं।
इस सफलता पर सुप्रभात परिवार और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। विद्यालय के प्रबंधक रोहित प्रताप पाल ने कहा कि सुप्रभात स्पोर्ट्स एकेडमी का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को उचित मंच और बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराना है। पीयूष की उपलब्धि इसी सोच और प्रयास का सकारात्मक परिणाम है।
इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर इंजीनियर सुभाष पाल, क्रिकेट कोच शिवम यादव तथा प्रसिद्ध कॉमेंटेटर तालिब सिद्दीकी ने भी पीयूष यादव को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय परिवार, खेल प्रेमियों और क्षेत्रवासियों ने पीयूष की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता की शुभकामनाएं दी हैं।


