जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सेवई नाला के पास मंगलवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक अधेड़ की मौत हो गई। हादसे के बाद घायल काफी देर तक सड़क किनारे पड़ा रहा। बाद में एक राहगीर की सूचना पर एंबुलेंस पहुंची और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे सेवई नाला के पास सड़क पार करते समय अधेड़ किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। दुर्घटना के बाद वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क किनारे पड़ा रहा। आसपास से गुजर रहे लोग उसे देखते रहे, लेकिन मदद के लिए आगे नहीं आए।
इसी दौरान एक राहगीर ने मानवता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस घायल को लेकर जिला अस्पताल पहुंची, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल के लाश रजिस्टर में मृतक का नाम मोती, उम्र लगभग 55 वर्ष, निवासी ग्राम धनशाली थाना गौराबादशाहपुर दर्ज किया गया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिवार का कोई सदस्य अस्पताल नहीं पहुंचा था।
पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। वहीं कुछ लोग पहचान के लिए अस्पताल पहुंचे, लेकिन शव की पुष्टि नहीं हो सकी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

