• Tue. May 26th, 2026

    अज्ञात वाहन की टक्कर से अधेड़ की मौत, पुलिस जांच में जुटी

    Share

    जौनपुर। गौराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के सेवई नाला के पास मंगलवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए व्यक्ति ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब आठ बजे एक अधेड़ व्यक्ति सेवई नाला के पास सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि घायल व्यक्ति सड़क किनारे काफी देर तक तड़पता रहा।

    कुछ समय बाद वहां से गुजर रहे राहगीरों की नजर घायल पर पड़ी। स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया। हालांकि गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान करीब एक घंटे बाद उसकी मौत हो गई।

    जिला अस्पताल के लाश रजिस्टर में मृतक की पहचान 55 वर्षीय मोती निवासी धनशाली, थाना गौराबादशाहपुर के रूप में दर्ज की गई है। समाचार लिखे जाने तक मृतक के परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे।

    पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। वहीं अज्ञात वाहन की तलाश के लिए आसपास के क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *