• Tue. May 26th, 2026

    हैंडपंप से डीजल जैसी दुर्गंध का मामला निकला तकनीकी खराबी, प्रशासन की जांच में हुआ खुलासा

    Share

    जौनपुर। तहसील बदलापुर के सिंगरामऊ थाना क्षेत्र स्थित रामीपुर गांव में एक किसान के हैंडपंप से डीजल जैसी दुर्गंध और तैलीय पदार्थ निकलने की सोशल मीडिया पर वायरल खबर की प्रशासनिक जांच में वास्तविक कारण सामने आ गया है। जांच में पाया गया कि हैंडपंप के पानी में आ रही दुर्गंध किसी पेट्रोलियम पदार्थ के रिसाव से नहीं, बल्कि सबमर्सिबल पंप की तकनीकी खराबी के कारण थी।

    तहसीलदार बदलापुर के अनुसार मामले की जांच के लिए लेखपाल को मौके पर भेजा गया। स्थलीय निरीक्षण में पाया गया कि किसान विजय सिंह पुत्र लाल बहादुर सिंह ने लगभग तीन वर्ष पूर्व अपने निजी उपयोग के लिए इंडिया मार्का हैंडपंप लगवाया था, जिसमें एक सबमर्सिबल पंप भी स्थापित किया गया था।

    जांच के दौरान पता चला कि सबमर्सिबल पंप की मोटर की ऑयल सील लीक हो गई थी। इसी वजह से मोटर का ऑयल पानी के साथ बाहर आ रहा था, जिससे पानी में डीजल या पेट्रोलियम पदार्थ जैसी दुर्गंध महसूस हो रही थी। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह किसी बाहरी तेल रिसाव या भूजल प्रदूषण का मामला नहीं है।

    ग्राम पंचायत सचिव अनूप सिंह और रोजगार सेवक पंकज सिंह ने बताया कि खंड विकास अधिकारी बदलापुर के निर्देश पर किसान की सहमति से मानवीय आधार पर सहयोग करते हुए मिस्त्री बुलवाकर खराब सबमर्सिबल पंप को निकलवाने की कार्रवाई शुरू करा दी गई है। इससे हैंडपंप के माध्यम से परिवार को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा। सबमर्सिबल पंप की मरम्मत अथवा नया पंप उपलब्ध होने के बाद उसे पुनः स्थापित किया जाएगा।

    जांच के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों, प्रभावित किसान तथा अन्य ग्रामीणों ने जांच रिपोर्ट की पुष्टि करते हुए साक्ष्य स्वरूप हस्ताक्षर भी किए। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि किसी भी सूचना को साझा करने से पहले उसके तथ्यों की पुष्टि अवश्य करें।

    Trimurti multi speciality hospital Ad

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *