जिलाध्यक्ष बोले- प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल
जौनपुर। महोबा जनपद की एक दलित युवती के कथित अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और प्रताड़ना की घटना के विरोध में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग उठाई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।

धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि महिलाओं, छात्राओं और बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं होने से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महोबा की वह युवती, जो नीट परीक्षा की तैयारी कर रही थी और भविष्य में देश सेवा का सपना देख रही थी, उसके साथ हुई घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया है।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने मांग की कि मामले में दोषी पाए जाने वाले सभी आरोपियों के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाए और पीड़िता को त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जाए।
शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आरिफ खान ने भी प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कहा कि पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपराध नियंत्रण की बजाय विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रहेगा।

प्रदर्शन का संचालन संगठन प्रभारी राकेश मिश्रा ने किया। इस दौरान महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष रेखा सिंह, लाल प्रकाश पाल, देवराज पांडेय, अरुण शुक्ला, शहनवाज मंजूर, रमेश चंद्र पाल, अनिल सोनकर, राजीव निषाद, राजकुमारी मिश्रा, प्रवेश निषाद, इरशाद खान राजू, राजकुमार गुप्ता, तौफीक अहमद, मकसूद खान, इकबाल हुसैन, सरिता यादव, मुहम्मद ताहिर, अजय सोनकर एडवोकेट, इस्तखारूल प्रधान, संतोष निषाद, रईस अहमद, अरविंद यादव, विजय बहादुर यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

