• Sun. May 24th, 2026

    विवाहिता का कमरे में पंखे से लटका मिला शव, जांच में जुटी पुलिस

    Share

    जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के बहरीपुर गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब एक विवाहिता का शव घर के कमरे में पंखे से लटकता हुआ मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी के अनुसार गांव निवासी गुड्डू खान की 22 वर्षीय पत्नी इरम उर्फ रानी घर की ऊपरी मंजिल पर बने कमरे में थी। शनिवार दोपहर करीब तीन बजे जब वह काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आई, तो उसकी सास ऊपर देखने पहुंची।

    बताया गया कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। कई बार आवाज देने के बावजूद कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों को बुलाया गया। दरवाजा खोलने पर विवाहिता दुपट्टे के सहारे पंखे से लटकी हुई मिली।

    घटना की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल फैल गया। मृतका का पति रोजी-रोटी के सिलसिले में बाहर रहता है, जबकि घर में सास-ससुर और उसकी दो वर्षीय बेटी मौजूद थी।

    सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थाना प्रभारी सैयद हुसैन मुन्तजर ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed