बक्शा (जौनपुर)। बक्शा थाना क्षेत्र के शिवगुलामगंज बाजार के पास हाईवे पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। युवक यूपीएससी परीक्षा देने के लिए वाराणसी जा रहा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार उमरपुर गांव निवासी विशाल कुमार पुत्र सुरेशचंद्र सुबह करीब 5 बजे घर से यूपीएससी परीक्षा देने के लिए निकले थे। परिजनों का कहना है कि वह हाईवे पर रोडवेज बस का इंतजार कर रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल विशाल कुमार को पुलिस की मदद से नौपेड़वा सीएचसी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक अपने चार भाइयों में सबसे बड़े थे। परिजनों के अनुसार वह मेहनती और पढ़ाई में होनहार छात्र थे और यूपीएससी की तैयारी कर रहे थे। घटना की जानकारी पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और अज्ञात वाहन की तलाश में जांच शुरू कर दी है।

