जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वर्ष 2026 के वृक्षारोपण महायज्ञ अभियान को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि आगामी 30 मई 2026 तक पौधरोपण के लिए गड्ढा खुदान का कार्य हर हाल में पूरा कर लिया जाए। साथ ही वृक्षारोपण अभियान की बेहतर तैयारी के लिए सभी विकास खंडों में कार्यशालाएं आयोजित कर जागरूकता और समन्वय सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने वन विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि अभियान की शुरुआत क्षेत्र के सांसद, विधायक, एमएलसी एवं अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा पौधरोपण कराकर की जाए, ताकि अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित हो सके। जिलाधिकारी ने कहा कि पौधरोपण से पहले रोपण स्थलों की मिट्टी की जांच कराई जाए और मिट्टी के पीएच मान के अनुरूप उपयुक्त प्रजातियों का चयन किया जाए।
बैठक में उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक चयनित स्थल पर कम से कम 1500 से 2000 पौधों का रोपण किया जाए तथा पौधों की सुरक्षा के लिए तारबाड़ की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे पौधों की जीवित रहने की संभावना बढ़ सके। उन्होंने गौशालाओं में छायादार वृक्ष लगाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इससे पशुओं को गर्मी से राहत मिलेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, परियोजना निदेशक के.के. पांडेय, प्रभागीय वनाधिकारी प्रमिला, जिला विकास अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

