• Sat. May 23rd, 2026

    लपरी में 1.41 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा उत्सव भवन, राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने किया शिलान्यास

    Share

    पंचायत राज विभाग कराएगा निर्माण, आसपास के गांवों को मिलेगा आधुनिक बारात घर का लाभ

    जौनपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम सभा लपरी (कोइरीडीहा चौराहा के पास) में पंचायत राज योजना के अंतर्गत बनने वाले उत्सव भवन (बारात घर) का भूमि पूजन एवं शिलान्यास उत्तर प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया। इस परियोजना का निर्माण पंचायत राज विभाग द्वारा कराया जाएगा, जिस पर लगभग 1.41 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

    कार्यक्रम के प्रारंभ में ग्राम प्रधान संतोष सिंह एवं जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह ने राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भूमि पूजन संपन्न हुआ और उत्सव भवन की आधारशिला रखी गई।

    शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि उत्सव भवन के निर्माण से आसपास के गांवों के लोगों को विवाह, सामाजिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि यह बारात घर न्यूनतम शुल्क पर आमजन के लिए उपलब्ध रहेगा, जिससे गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों को बड़े आयोजनों में होने वाले भारी खर्च से राहत मिलेगी।

    उन्होंने बताया कि भवन में आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी तथा बिजली आपूर्ति के लिए जनरेटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे कार्यक्रमों के आयोजन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

    कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह ने किया।

    इस अवसर पर प्रेम यादव, राजेश यादव, सुजीत मौर्य, आशीष गुप्ता, मनीष श्रीवास्तव, डाबलू यादव, राजनाथ सिंह, विनय यादव, श्रवण सिंह सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *