• Sat. May 23rd, 2026

    केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल ट्रेन को दिखाई हरी झंडी

    Share

    पाली मारवाड़ से नई रेल सेवा का शुभारंभ, भुज–दिल्ली एक्सप्रेस का भी संचालन शुरू

    जालोर/पाली मारवाड़। केंद्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव ने उत्तर पश्चिम रेलवे के पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन से गाड़ी संख्या 04875 जालोर–दिल्ली उद्घाटन स्पेशल रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि एवं रेलवे अधिकारी उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री ने कहा कि पाली मारवाड़ क्षेत्र की जनता की लंबे समय से बेहतर रेल कनेक्टिविटी की मांग थी, जिसे नई रेल सेवा के माध्यम से पूरा किया गया है। उन्होंने कहा कि यह ट्रेन क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी और यात्रियों को अधिक सुविधाजनक यात्रा उपलब्ध कराएगी।

    उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में रेलवे नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण का कार्य तेजी से किया जा रहा है। बेहतर रेल कनेक्टिविटी से स्थानीय व्यापार, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा विभिन्न शहरों के बीच आवागमन और अधिक सरल होगा।

    रेल मंत्री ने यह भी जानकारी दी कि राजस्थान में 76,800 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाएं प्रगति पर हैं। अमृत स्टेशन योजना के तहत 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है, जिनमें पाली मारवाड़, सोजत रोड, फालना, सोमेसर और मारवाड़ जंक्शन जैसे स्टेशन शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इन स्टेशनों का पुनर्विकास स्थानीय कला एवं संस्कृति के अनुरूप किया जा रहा है, जिससे ये आधुनिक सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन केंद्र के रूप में भी विकसित होंगे।

    उन्होंने यह भी बताया कि राज्य में नई लाइन, दोहरीकरण और गेज परिवर्तन जैसी कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं चल रही हैं, जिनसे रेल सेवाओं का विस्तार और संचालन क्षमता बढ़ेगी। कोविड के बाद राजस्थान के लिए 46 जोड़ी नई ट्रेनों की शुरुआत की गई है, जिनमें वंदे भारत और अमृत भारत जैसी सेवाएं शामिल हैं।

    इस अवसर पर सांसद पी.पी. चौधरी, राज्यसभा सांसद एवं प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, सांसद लुंबाराम चौधरी, विधायक पुष्पेंद्र सिंह, शोभा रानी, तथा मारवाड़ जंक्शन के केसाराम चौधरी सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी और अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी उपस्थित रहे।


    भुज–दिल्ली–भुज दैनिक एक्सप्रेस सेवा का संचालन शुरू

    यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने भुज–दिल्ली–भुज प्रतिदिन एक्सप्रेस रेल सेवा (वाया भीलड़ी–जालोर) का संचालन भी प्रारंभ किया है।

    गाड़ी संख्या 19403 (भुज–दिल्ली): 23 मई 2026 से भुज से 11:15 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 11:45 बजे दिल्ली पहुंचेगी।

    गाड़ी संख्या 19404 (दिल्ली–भुज): 24 मई 2026 से दिल्ली से 16:40 बजे प्रस्थान कर अगले दिन 19:35 बजे भुज पहुंचेगी।

    यह ट्रेन अंजार, गांधीधाम, भीलड़ी, जालौर, पाली मारवाड़, अजमेर, जयपुर, अलवर, रेवाड़ी सहित कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।

    रेल सेवा में कुल 18 एलएचबी कोच लगाए गए हैं, जिनमें 1 सेकंड एसी, 3 थर्ड एसी, 8 स्लीपर, 4 जनरल कोच, 1 पावर कार और 1 गार्ड कोच शामिल हैं।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *