• Sat. May 23rd, 2026

    विश्व उच्च रक्तचाप दिवस पर गोष्ठी का आयोजन, नियमित जांच और जागरूकता पर जोर

    Share

    जौनपुर। “विश्व उच्च रक्तचाप दिवस” के अवसर पर विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा निर्धारित थीम “Controlling Hypertension Together: Check your blood pressure regularly, defeat the silent killer” पर आधारित एक गोष्ठी का आयोजन कुवर हरिवंश सिंह पैरामेडिकल कॉलेज, जौनपुर में किया गया।

    इस कार्यक्रम में डॉ. बी.सी. पंत, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी/नोडल अधिकारी, तथा डॉ. आलोक सिंह, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जौनपुर सहित कॉलेज के प्रधानाचार्य, अध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।

    गोष्ठी को संबोधित करते हुए अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.सी. पंत ने बताया कि इस वर्ष विश्व उच्च रक्तचाप दिवस के उपलक्ष्य में 17 मई 2026 से 16 जून 2026 तक एक माह का गैर-संचारी रोगों (NCD) के प्रति जन-जागरूकता एवं स्क्रीनिंग अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से रक्तचाप की जांच और नियंत्रण ही स्वास्थ्य सुरक्षा की कुंजी है।

    उन्होंने बताया कि उच्च रक्तचाप को “साइलेंट किलर” इसलिए कहा जाता है क्योंकि यह बिना स्पष्ट लक्षणों के शरीर में धीरे-धीरे बढ़ता है और गंभीर बीमारियों का कारण बन सकता है। इसके सामान्य लक्षणों में सिरदर्द, चक्कर आना, धुंधली दृष्टि, नाक से खून आना, थकान और सांस फूलना शामिल हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यह स्थिति आगे चलकर हार्ट अटैक, स्ट्रोक और हार्ट फेलियर जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है।

    उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक सिंह ने कहा कि यह बीमारी हर आयु वर्ग को प्रभावित कर सकती है, और उम्र बढ़ने के साथ इसका जोखिम भी बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिवस का उद्देश्य लोगों में जागरूकता बढ़ाना और उन्हें स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है, ताकि गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सके।

    कार्यक्रम में एनपी-एनसीडी से जयप्रकाश गुप्ता, विवेक एवं कुलदीप श्रीवास्तव सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *