बाउंड्री निर्माण के दौरान हुआ विवाद, पति-पत्नी समेत पुत्री के घायल होने का आरोप
बरसठी (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के पाली गांव में जमीन पर बाउंड्री निर्माण को लेकर हुए विवाद में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
पाली गांव निवासी प्रमिला देवी, पत्नी संजय सिंह, ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया कि वह अपनी भूमि पर बाउंड्री वाल का निर्माण करा रही थीं। इसी दौरान गांव के चंद्रभान सिंह, अनुज सिंह, कुसुम सिंह, ममता सिंह और तृप्ति सिंह ने निर्माण कार्य का विरोध करते हुए उसे जबरन रुकवा दिया।
तहरीर के अनुसार, 10 मई की सुबह करीब नौ बजे आरोपित एकजुट होकर मौके पर पहुंचे और निर्माणाधीन दीवार को गिराने लगे। इसका विरोध करने पर आरोपितों ने प्रमिला देवी, उनके पति संजय सिंह तथा पुत्री श्वेता सिंह के साथ मारपीट की, जिससे तीनों घायल हो गए।
पीड़िता ने बताया कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हो चुका है, जिसे लेकर थाने में समझौता कराया गया था। बावजूद इसके दोबारा विवाद होने पर उन्होंने पुलिस से शिकायत की। घटना के बाद घायलों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सीय परीक्षण भी कराया गया।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 191(2), 115(2) और 324(4) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

