• Sat. May 23rd, 2026

    लेखपाल से अभद्रता और जातिसूचक टिप्पणी का आरोप, पिता-पुत्र पर एससी-एसटी एक्ट समेत मुकदमा

    Ashirwad IVF Centre JaunpurAshirwad IVF Centre Jaunpur
    Share

    सरकारी कार्य से लौट रहे लेखपाल की बाइक रोककर मारपीट व धमकी देने का आरोप

    बरसठी (जौनपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव में तैनात एक लेखपाल के साथ अभद्रता, जातिसूचक टिप्पणी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पिता-पुत्र के खिलाफ विभिन्न धाराओं समेत एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच क्षेत्राधिकारी (सीओ) मड़ियाहूं को सौंपी गई है।

    राजस्व हल्का संख्या-536 में तैनात लेखपाल सुरेंद्र कुमार द्वारा दी गई तहरीर के अनुसार, वह 21 मई को ग्राम सभा से संबंधित पत्थरगड्डी कार्य संपन्न कर वापस लौट रहे थे। आरोप है कि हरद्वारी गांव में राजमणि पटेल की दुकान के पास गांव निवासी अरविंद मोहन उर्फ लल्ला तिवारी अपने पुत्र मयंक के साथ बाइक से पहुंचे और उनकी मोटरसाइकिल रोक ली।

    लेखपाल का आरोप है कि दोनों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथ मोड़ दिया, गाली-गलौज की तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सड़क किनारे पड़ी ईंट उठाकर हमला करने का प्रयास किया गया और सरकारी अभिलेख छीनने की कोशिश में ग्राम सभा का नक्शा फाड़ दिया गया।

    पुलिस ने शिकायत के आधार पर अरविंद मोहन उर्फ लल्ला तिवारी और उनके पुत्र मयंक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352, 351(3), 324(4), 132 तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(2)(va) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है।

    थाना प्रभारी जयप्रकाश यादव ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *