• Fri. May 22nd, 2026

    राशन दुकानों के चयन और ई-केवाईसी कार्य में तेजी लाने के निर्देश

    Share

    जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा खाद्यान्न वितरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।

    बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में रिक्त एवं निरस्त चल रही 25 उचित दर दुकानों के चयन की प्रक्रिया एक माह के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उचित दर दुकानों पर बायोमेट्रिक ई-पॉस मशीनों का संचालन सुचारु रहे, इसके लिए तकनीकी सहायकों द्वारा नियमित निगरानी की जाए और किसी भी तकनीकी समस्या का तत्काल समाधान कराया जाए।

    जिलाधिकारी ने क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षकों को निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से उचित दर दुकानों का निरीक्षण करें तथा पात्र लाभार्थियों को मानक के अनुरूप खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित कराएं। साथ ही खाद्यान्न की गुणवत्ता पर भी लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

    बैठक में बीपीसीएल, आईओसीएल और एचपीसीएल के अधिकारियों को उपभोक्ताओं तक घरेलू गैस सिलेंडर की समयबद्ध होम डिलीवरी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर महिला एवं पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय की व्यवस्था, हेलमेट एवं सीट बेल्ट जागरूकता संबंधी बोर्ड लगाने तथा पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता की नियमित जांच कराने के निर्देश भी दिए गए।

    जिलाधिकारी ने सभी क्षेत्रीय पूर्ति निरीक्षकों को अगली समीक्षा बैठक तक ई-केवाईसी का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण कराने तथा नवनियुक्त उचित दर विक्रेताओं को ई-पॉस मशीन संचालन का प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पूर्ति अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed