• Fri. May 22nd, 2026

    फोरलेन किनारे मिला अधेड़ का निर्वस्त्र शव, क्षेत्र में सनसनी

    Share

    एक दिन पहले घर से निकले थे राजेन्द्र प्रसाद सिंह, पुलिस जांच में जुटी

    जौनपुर। बदलापुर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह फत्तूपुर फोरलेन के किनारे एक अधेड़ व्यक्ति का निर्वस्त्र शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह टहलने निकले लोगों ने शव देखकर तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी।

    पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आसपास के लोगों से पहचान कराने का प्रयास किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान कोतवाली क्षेत्र के ठेगुआं गांव निवासी लगभग 65 वर्षीय राजेन्द्र प्रसाद सिंह के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए।

    परिजनों के अनुसार राजेन्द्र प्रसाद सिंह एक दिन पहले घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। काफी तलाश के बावजूद उनका कोई पता नहीं चल सका। शुक्रवार सुबह फोरलेन के किनारे उनका शव मिलने की सूचना मिलने पर परिवार में कोहराम मच गया।

    शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। घटना को लेकर स्थानीय लोगों के बीच विभिन्न तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

    पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, ताकि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

    इस संबंध में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक फूलचंद पाण्डेय ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहन जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

    फिलहाल पुलिस मौत के कारणों और परिस्थितियों का पता लगाने में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों पर से पर्दा उठ सकेगा।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *

    You missed