• Thu. May 21st, 2026

    उतरीजपुर घटना पर प्रशासन गंभीर, पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता का भरोसा

    Share

    भूमि विवादों के निस्तारण के लिए विशेष अभियान तेज, जांच को तीन सदस्यीय समिति गठित

    जौनपुर। तहसील सदर के बक्शा थाना क्षेत्र स्थित उतरीजपुर गांव में भूमि विवाद से जुड़े घटनाक्रम में युवक श्रीप्रकाश यादव की मृत्यु के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।

    जिलाधिकारी ने पीड़ित परिवार को आश्वस्त किया कि शासन द्वारा अनुमन्य सभी आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि पारिवारिक लाभ योजना एवं कृषक दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही मृतक के बच्चों के भविष्य और उनके पालन-पोषण को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने का भी प्रयास किया जाएगा।

    घटना की निष्पक्ष जांच के लिए जिलाधिकारी ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की है, जिसमें अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), परियोजना निदेशक डीआरडीए तथा एसओसी चकबंदी को शामिल किया गया है। समिति को तीन दिन के भीतर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

    उन्होंने बताया कि जनपद में भूमि विवादों के समाधान के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खेतों की पैमाइश, मेड़बंदी और पत्थरगड़ी का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जा रहा है। मई माह में अब तक 501 पैमाइश कराई जा चुकी हैं तथा भूमि संबंधी विवादों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा रहा है।

    जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान कानून और संवाद के माध्यम से होना चाहिए। प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *