जौनपुर। जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी ने बताया कि ग्राम पंचायत विशुनपुर मझवारा, विकास खंड सिरकोनी में मनरेगा योजनांतर्गत कराए गए कार्यों में कथित गबन संबंधी शिकायत की पुनः स्थलीय जांच कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि ग्राम विशुनपुर (मझवारा) निवासी रमेश कुमार चौबे पुत्र स्वर्गीय फूलनाथ चौबे द्वारा मनरेगा कार्यों में अनियमितता एवं गबन की शिकायत की गई थी, जिसकी जांच 7 अप्रैल 2026 को की गई थी। इसके उपरांत मुख्य विकास अधिकारी के निर्देश पर मामले की दोबारा स्थलीय जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
पुनः जांच के लिए 23 मई 2026 को अपराह्न 2:00 बजे की तिथि निर्धारित की गई है। जांच ग्राम पंचायत विशुनपुर मझवारा के पंचायत भवन/ग्राम सचिवालय में संपन्न होगी।
जिला विकास अधिकारी ने संबंधित सचिव, ग्राम प्रधान, शिकायतकर्ता तथा अन्य संबंधित पक्षों को निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिलाधिकारी के आदेश में उल्लिखित आपत्तियों से संबंधित सभी अभिलेख, पत्रावलियां एवं साक्ष्य भी साथ लाने को कहा गया है, ताकि जांच निष्पक्ष एवं तथ्यपरक ढंग से पूरी की जा सके।
प्रशासन ने सभी संबंधित पक्षों से जांच प्रक्रिया में सहयोग करने और निर्धारित समय पर उपस्थित रहने की अपील की है।

