मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने जुटाया साक्ष्य
केराकत,जौनपुर। स्थानीय सरकी चौकी अंतर्गत पनिहर गांव में रविवार की रात चोरों ने एक घर से दस हजार नकदी समेत आठ लाख रुपये के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय घर के सदस्य गर्मी से राहत पाने के लिए कमरे में कूलर चलाकर सो रहे थे। सुबह जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम मामले की जांच में जुटी है। पनिहर गांव निवासी अर्चना सिंह ने बताया कि उनके पति परदेश में रहते हैं। घर में वह अपने बेटे कृष्णा सिंह, बेटी आशी सिंह तथा रिश्तेदारी से आई लकी सिंह के साथ थीं। गर्मी अधिक होने के कारण सभी लोग रात में एक कमरे मे कूलर चलाकर सो गए। इसी दौरान चोर घर के पीछे पहुंचे और खिड़की तोड़कर अंदर घुस गए। चोरों ने कमरे व अलमारी में रखे मंगलसूत्र, सोने की चेन, पांच अंगूठियां, कान की बाली, मांगटीका, पायल सहित अन्य कीमती जेवरात और दस हजार रुपये नकद पार कर दिए। सुबह जब परिवार के लोग जागे तो सामान बिखरा देख उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही सरकी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।


