करंजाकला(जौनपुर): सरायख्वाजा थाना इलाके के घनघनुवां गाँव में रविवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब एक 17 वर्षीय काजल का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद पूरे गाँव में दहशत और मातम का माहौल फैल गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पुलिस मामले की हर पहलू से जाँच में जुट गई है।
परिजनों के मुताबिक काजल रविवार शाम अचानक घर से कहीं चली गई थी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिवार के लोगों को चिंता होने लगी। घरवालों ने पहले आस-पास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। धीरे-धीरे रात गहराने लगी और परिवार की बेचैनी बढ़ती गई। गांव के लोग भी खोजबीन में जुट गए। इसी दौरान रात करीब 8 बजे घर के पास स्थित एक पशुबाड़े की ओर लोगों की नजर गई, जहां का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।
पशुबाड़े के अंदर काजल का शव फंदे से लटकता देख परिवार में चीख-पुकार मच गई। मां बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ी, जबकि अन्य परिजन दहाड़ें मारकर रोने लगे। घटना की खबर फैलते ही गांव के लोग मौके पर जुट गए और देखते ही देखते वहां भारी भीड़ लग गई। ग्रामीणों के बीच घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। कोई इसे आत्महत्या बता रहा था, तो कोई पूरे मामले को संदिग्ध मान रहा था।काजल की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर गांव में कई सवाल उठ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सरायख्वाजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को शांत कराया। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया तथा आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी। मौके पर मौजूद लोगों से भी पूछताछ की गई। थानाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पांडेय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, इसलिए हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


