• Sun. May 17th, 2026

    जौनपुर में अंशकालिक अनुदेशकों का सम्मान, बढ़े मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित

    Share

    राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव बोले — शिक्षा व्यवस्था की मजबूत कड़ी हैं अनुदेशक

    जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग जौनपुर की ओर से रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में “अंशकालिक अनुदेशक सम्मान एवं बढ़े हुए मानदेय वितरण समारोह” का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने अंशकालिक अनुदेशकों को 17 हजार रुपये के बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक वितरित कर सम्मानित किया।

    कार्यक्रम में मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल, बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र, जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में अनुदेशक उपस्थित रहे। इस दौरान लखनऊ से आयोजित मुख्य कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी देखा गया तथा मुख्यमंत्री के संबोधन को सुना गया।

    समारोह का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अपने संबोधन में राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों और अनुदेशकों के सम्मान, सुरक्षा एवं हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में अंशकालिक अनुदेशक लगातार महत्वपूर्ण सेवाएं दे रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप सरकार ने उनका मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपये किया है। उन्होंने सभी अनुदेशकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

    मड़ियाहूं विधायक डॉ. आर.के. पटेल और बदलापुर विधायक रमेश चंद्र मिश्र ने भी अनुदेशकों को बधाई देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।

    सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

    कार्यक्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय गुतपुर गेलवा, उच्च प्राथमिक विद्यालय गुरैनी तथा कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय रामनगर सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति, शिक्षा और सामाजिक समरसता पर आधारित प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

    शिक्षा योजनाओं की लगी प्रदर्शनी

    समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी एवं शैक्षिक योजनाओं से संबंधित आकर्षक स्टॉल भी लगाए गए। स्टॉलों पर निपुण भारत मिशन, समग्र शिक्षा अभियान, स्मार्ट क्लास, डिजिटल शिक्षा, पुस्तक वितरण एवं छात्रवृत्ति योजना जैसी योजनाओं की जानकारी प्रदर्शित की गई। मुख्य अतिथि और अन्य जनप्रतिनिधियों ने स्टॉलों का अवलोकन कर विभागीय प्रयासों की सराहना की।

    कई अनुदेशक हुए सम्मानित

    कार्यक्रम के दौरान वंदना यादव, ज्योति श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, रविंद्र यादव, नीलेश चतुर्वेदी, दीपक यादव, चंद्रमणि मौर्य, अमर बहादुर यादव एवं पुष्पा देवी सहित कई अंशकालिक अनुदेशकों को सम्मानित करते हुए बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक प्रदान किए गए। सम्मान प्राप्त करने वाले अनुदेशकों ने प्रदेश सरकार और बेसिक शिक्षा विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

    जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व्यवस्था के निर्माण में शिक्षकों और अनुदेशकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है तथा जनपद प्रशासन शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है।

    जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, अनुदेशकों और कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बीईओ रमेश पटेल और नूपुर श्रीवास्तव ने किया। समारोह सौहार्दपूर्ण, प्रेरणादायी एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।

    Ashirwad IVF Centre Jaunpur
    Ashirwad IVF Centre Jaunpur

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *