जौनपुर। वाराणसी परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) वैभव कृष्ण ने शुक्रवार को पुलिस लाइन सभागार, जौनपुर में अपराध एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह सहित सभी क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी और शाखा प्रभारी मौजूद रहे।
बैठक में डीआईजी ने जनपद में चिन्हित माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। हत्या, लूट, दुष्कर्म, छेड़छाड़, गो तस्करी और शराब तस्करी जैसे गंभीर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने को कहा गया। साथ ही चोरी और नकबजनी में शामिल अपराधियों की गैंगस्टर कार्रवाई और गैंगशीट खोलने के निर्देश भी दिए गए।

लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध और निष्पक्ष निस्तारण करने, वांछित अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा महिला अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सख्त कदम उठाने को कहा गया। गुंडा एक्ट के तहत जिलाबदर की कार्रवाई तेज करने पर भी जोर दिया गया।
डीआईजी ने “ऑपरेशन कनविक्शन” के तहत हत्या, दुष्कर्म, पॉक्सो एक्ट और लूट जैसे मामलों में मजबूत पैरवी कर अपराधियों को अधिकतम सजा दिलाने के निर्देश दिए। इसके अलावा जनसुनवाई में लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुनकर निष्पक्ष जांच के जरिए न्याय दिलाने, अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलाने और थानों में माल मुकदमाती के विधिक निस्तारण पर भी विशेष बल दिया गया।


