उत्तर प्रदेश में होने वाले आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव अब नए अंदाज में देखने को मिल सकते हैं। राज्य निर्वाचन आयोग पंचायत चुनावों को पहली बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से कराने की तैयारी में जुट गया है। यदि यह व्यवस्था लागू होती है तो ग्राम पंचायत, क्षेत्र पंचायत और जिला पंचायत चुनाव EVM के माध्यम से संपन्न होंगे।
राज्य निर्वाचन आयोग के उप निर्वाचन आयुक्त PCS शेरी ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत चुनावों में EVM के इस्तेमाल को लेकर गंभीरता से तैयारी की जा रही है। आयोग का मानना है कि EVM से मतदान कराने पर चुनाव प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, तेज और निष्पक्ष बनेगी। साथ ही मतगणना में लगने वाला समय भी काफी कम हो जाएगा।
अब तक उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव पारंपरिक मतपत्रों के जरिए कराए जाते रहे हैं, जिसमें मतगणना में कई दिन लग जाते थे और विवाद की स्थिति भी सामने आती थी। लेकिन EVM लागू होने के बाद चुनावी प्रक्रिया में तकनीकी सुधार देखने को मिलेगा।
राजनीतिक गलियारों में इस फैसले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। माना जा रहा है कि पंचायत चुनावों में EVM का प्रयोग सफल रहा तो यह ग्रामीण लोकतंत्र के लिए एक बड़ा बदलाव साबित होगा।


