जौनपुर
मड़ियाहूं
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मड़ियाहूं नगर पंचायत में विविध कार्यक्रमों का आयोजन कर राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता का संदेश दिया गया। सुबह 7 बजे से शुरू हुआ यह आयोजन नगर में देशभक्ति की भावना से सराबोर रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत गांधी तिराहे पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर नगर अध्यक्ष रुकसाना कमाल फारुकी, अधिशासी अधिकारी चंदन सिंह गौड़ सहित सभी सभासदों और नगरवासियों द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इसके पश्चात सरदार भगत सिंह, इंदिरा गांधी तथा अन्य महापुरुषों की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि दी गई।
8 बजे नगर पंचायत कार्यालय में ध्वजारोहण कर राष्ट्रगान गाया गया। इस अवसर पर नगर अध्यक्ष ने देश की संविधानिक निष्ठा, अखंडता और एकता की शपथ दिलवाई। परिसर में स्थित गांधी प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया गया।
इसके बाद नगर में एक ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा निकाली गई, जो 13 अगस्त को वर्षा के कारण अधूरी रह गई थी। गांधी तिराहे से शुरू होकर यह यात्रा स्कूली बच्चों, सफाई कर्मियों, नगरवासियों और सभासदों की भागीदारी के साथ देशभक्ति गीतों की गूंज में निकली। यात्रा 10:30 बजे डाक बंगले पर जाकर समाप्त हुई।
इस दौरान नगर अध्यक्ष रुकसाना तिरंगा शाही साफा पहनकर देशभक्ति में डूबी नजर आईं। वहीं समाजसेवी व बिरला ग्रुप चीनी मिल के महाप्रबंधक कमाल अख्तर फारूकी ने भी देशभक्ति गीतों पर थिरकते हुए नगरवासियों के साथ जश्न मनाया।
कार्यक्रम के दौरान बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर और सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमाओं पर भी माल्यार्पण किया गया।
उपस्थित गणमान्य:
पूर्व अध्यक्ष कमला साहू, मंडल अध्यक्ष राजेश सिंह, मेराज टीवीएस, मुन्ना भाई ठेकेदार, पूर्व सभासद अनिल कुमार गुप्ता, मनोज सोनकर, शेर बहादुर मौर्य, इशा फारूकी, श्याम बाबू, पूर्व प्रधान चंद्रभान यादव, सुभाष सिंह, पत्रकार अभिषेक पटेल, शाहबाज, कपिल सिंह, डॉ. वकार अहमद, अरविंद कुमार चौरसिया, राकेश गुप्ता, डॉ. अब्दुल वाहिद, अनिल साहू, अमरनाथ विश्वकर्मा, कहकसा शमीम सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

