
जनपद में धान खरीद का हुआ शुभारम्भ

जौनपुर 13 नवम्बर 2026 (सू०वि०)- जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जौनपुर अमित द्विवेदी ने अवगत कराया है कि खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अन्तर्गत 13 नवम्बर 2026 को खाद्य एवं रसद विभाग के धान क्रय केन्द्र शाहगंज में धान खरीद होने के साथ जनपद में धान खरीद का शुभारम्भ हुआ। कृषक राधेश्याम यादव द्वारा क्रय केन्द्र शाहगंज पर अपने 41.20 कुन्तल धान का विक्रय भारत सरकार द्वारा निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य रू0-2441 प्रति कुन्तल पर किया गया। जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जौनपुर द्वारा कृषक बन्धु का माल्यार्पण कर क्रय केन्द्र पर स्वागत किया गया।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष जनपद में जिलाधिकारी, जौनपुर के स्तर से 05 क्रय संस्थाओं के माध्यम से कुल 161 धान क्रय केन्द्र (खाद्य विभाग-42, पी0सी0एफ0-72, पी0सी0यू0-35, मण्डी परिषद-11 व भारतीय खाद्य निगम-01) अनुमोदित हुये हैं, जो दिनांक 01 नवम्बर, 2026 से क्रियाशील हैं। किसान बन्धुओं द्वारा धान विक्रय हेतु निरन्तर पंजीयन करवाया जा रहा है। जनपद में अब तक 2352 किसानों द्वारा धान विक्रय हेतु पंजीकरण कराया गया है, जिसके सापेक्ष 745 किसानों का सत्यापन हुआ है। इस वर्ष शासन द्वारा किसानों के हित में धान विक्रय हेतु पंजीयन प्रक्रिया को अत्यन्त सरल एवं तकनीकी रूप से लचीला बनाया गया है। जहां एक ओर फार्मर आई0डी0 में अंकित विवरण से संतुष्ट कृषक बन्धु धान विक्रय हेतु अपना पंजीयन त्वरित रूप से करवा सकेंगे, वहीं दूसरी ओर फार्मर आई0डी0 में दर्ज विवरण से संतुष्ट न होने की दशा में गत वर्ष की भांति ही अपने समस्त गाटा का विवरण जोड़कर पंजीयन कराये जाने की भी सुविधा प्रदान की गयी है। अतः धान विक्रय के लिये पंजीयन कराये जाने हेतु किसान को तहसील या किसी अन्य कार्यालय में जाने की कोई आवश्यकता नहीं है। किसानों द्वारा कराये जा रहे पंजीयन का राजस्व एवं चकबन्दी विभागों से तेज गति से सत्यापन कराया जा रहा है।
सभी किसान बन्धुओं से अपील है कि अपना धान, राजकीय धान क्रय केन्द्रों पर ही विक्रय करें तथा इस हेतु खाद्य विभाग की वेबसाइट fcs.up.gov.in पर ऑनलाइन पंजीकरण कराने का कष्ट करें। उक्त कार्य में किसी भी प्रकार की कठिनाई होने पर जिला खाद्य विपणन अधिकारी, जौनपुर कार्यालय अथवा धान क्रय केन्द्रों पर सम्पर्क कर निराकरण कराया जा सकता है।








