
मल्हनी के रोजगार मेले में 357 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, नौ को मिला ऑफर लेटर

जौनपुर। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत युवाओं को उनकी शैक्षिक योग्यता और कौशल के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को मल्हनी विधानसभा क्षेत्र के शेरवां स्थित माता प्रसाद आदर्श महाविद्यालय परिसर में रोजगार मेले का आयोजन किया गया। जिला सेवायोजन कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित मेले में 15 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। इसमें कुल 1100 अभ्यर्थियों ने साक्षात्कार दिया, जिनमें से 357 अभ्यर्थियों को विभिन्न पदों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया। वहीं, चयनित नौ अभ्यर्थियों को अतिथियों के हाथों ऑफर लेटर वितरित किए गए। कार्यक्रम का शुभारंभ विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह (प्रिंसू) सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान मुख्य अतिथियों को बुके, अंगवस्त्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एमएलसी बृजेश सिंह ने कहा कि युवा देश का भविष्य और ताकत हैं। प्रदेश सरकार युवाओं को उनकी योग्यता एवं कौशल के अनुसार निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के माध्यम से युवाओं को रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है। उन्होंने रोजगार मेले में चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिला सेवायोजन अधिकारी जय प्रकाश पासवान ने बताया कि जनपद के सभी नौ विधानसभा क्षेत्रों में रोजगार मेले आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। मेले में सोलर टेक्नीशियन, सुपरवाइजर, मशीन ऑपरेटर, स्टोर मैनेजर, सेल्स मैनेजर, सिक्योरिटी गार्ड, हेल्पर और कलेक्शन ऑफिसर सहित विभिन्न पदों पर चयन प्रक्रिया आयोजित की गई। इसमें आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई उत्तीर्ण और कौशल प्रशिक्षित अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख, जिला मंत्री, अन्य जनप्रतिनिधि, महाविद्यालय के प्राचार्य एवं प्रबंधक समर बहादुर सिंह, शिक्षकगण तथा जिला सेवायोजन कार्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।
जनपद में धान खरीद का हुआ शुभारम्भ







