फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज किसानों की पत्नियों को भी मिलेगी किसान की पहचान, बनेगी अलग स्पाउस आईडी

Share

जौनपुर। फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज किसानों के परिवार की महिलाओं, विशेषकर उनकी पत्नियों को कृषि क्षेत्र में अलग पहचान दिलाने के लिए सरकार की ओर से महत्वपूर्ण पहल प्रस्तावित की गई है। इसके तहत जमीन के मालिक किसान की पत्नी के लिए अलग से Spouse ID (स्पाउस आईडी) बनाने की व्यवस्था की जा रही है। इससे वे भी किसान के रूप में पंजीकृत होकर नियमानुसार विभिन्न कृषि योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।

जनपद जौनपुर में लगभग 7.2 लाख किसान फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज हैं। कृषि क्षेत्र में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होने के बावजूद जमीन के राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज न होने के कारण उन्हें कई बार किसान के रूप में पहचान और सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता है। जबकि खेती-किसानी, पशुपालन, फसल की देखभाल, कटाई-मड़ाई और पारिवारिक कृषि संबंधी निर्णयों में महिलाओं की महत्वपूर्ण भागीदारी रहती है।

इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार ने किसानों की पत्नियों को कृषि क्षेत्र में अलग पहचान देने के उद्देश्य से स्पाउस आईडी बनाने का प्रस्ताव रखा है। इस व्यवस्था के तहत पत्नी की अलग पहचान बनेगी और वह कृषि सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र हो सकेगी। हालांकि, इससे जमीन के मालिकाना हक, उत्तराधिकार अथवा किसी अन्य कानूनी अधिकार में कोई बदलाव नहीं होगा। यह व्यवस्था केवल कृषि संबंधी पहचान और सुविधाओं के लिए होगी। इसकी प्रक्रिया शेयरक्रॉपर एवं टेनेंट आईडी की व्यवस्था के समान होगी।

इस तरह बनेगी स्पाउस आईडी

स्पाउस आईडी बनवाने के लिए महिला को स्पाउस रजिस्ट्रेशन मॉड्यूल के माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन के दौरान आधार नंबर दर्ज कर ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी करनी होगी। इसके बाद पति अथवा जमीन के मालिक किसान की प्राइमरी फार्मर आईडी दर्ज करनी होगी। संबंधित प्राइमरी फार्मर आईडी से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी भेजकर सहमति प्राप्त की जाएगी।

सहमति के बाद पति की फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज भूमि का विवरण स्वतः स्पाउस आईडी के आवेदन में जुड़ जाएगा। पत्नी भूमि संबंधी विवरण का अवलोकन कर घोषणा पत्र पर ई-साइन करेगी। इसके बाद पति अपने लॉगिन के माध्यम से आवेदन को स्वीकृत अथवा अस्वीकृत कर सकेगा। स्वीकृति मिलते ही पत्नी की अलग स्पाउस आईडी जारी हो जाएगी, जो प्राइमरी फार्मर आईडी से लिंक रहेगी।

महिला किसानों को मिलेगी अलग पहचान

इस व्यवस्था से उन महिलाओं को भी किसान के रूप में पहचान मिल सकेगी, जो खेती-किसानी में सक्रिय योगदान देने के बावजूद भूमि अभिलेखों में नाम दर्ज न होने के कारण फार्मर रजिस्ट्री से वंचित रह जाती हैं। इससे उन्हें योजना के दिशा-निर्देशों एवं पात्रता के अनुसार कृषि विभाग की सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

वर्ष 2026 को संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय महिला किसान वर्ष (International Year of the Woman Farmer- IYWf 2026) के रूप में मनाया जा रहा है। ऐसे में महिला किसानों की पहचान, भागीदारी और कृषि क्षेत्र में उनके योगदान को मान्यता देने की दिशा में स्पाउस आईडी की यह पहल महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

उप कृषि निदेशक अश्वनी सिंह ने बताया कि “खेती-किसानी में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। महिलाएं खेतों में काम करने से लेकर पशुपालन, फसल की देखभाल और कृषि संबंधी अन्य गतिविधियों में सक्रिय योगदान देती हैं। इसके बावजूद भूमि अभिलेखों में नाम दर्ज न होने के कारण कई महिलाएं किसान के रूप में अपनी पहचान दर्ज नहीं करा पाती हैं। स्पाउस आईडी की व्यवस्था लागू होने से ऐसी महिलाओं को अलग किसान पहचान मिल सकेगी और वे शासन की ओर से संचालित कृषि योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ निर्धारित पात्रता के अनुसार प्राप्त कर सकेंगी। इससे कृषि क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी और उनके योगदान को औपचारिक पहचान मिलेगी।”

SHARE THIS ARTICLE
ABOUT AUTHOR
Satyameva Jayate News
Satyameva Jayate News ✓
Satyameva Jayate News के लिए समाचार और विशेष रिपोर्ट प्रकाशित करते हैं।

🌤️ मौसम अपडेट

LIVE
मौसम की ताज़ा जानकारी लोड हो रही है…

🔮 आज का राशिफल

♈

मेष

आज का राशिफल लोड हो रहा है…

यह दैनिक राशिफल सामान्य ज्योतिषीय संकेतों पर आधारित है।

ताज़ा ख़बरें