
बस की चपेट में आने से पत्नी की मौत, पति गंभीर रूप से घायल

जौनपुर। बक्शा थाना क्षेत्र के फतेहगंज बाजार के पास बुधवार दोपहर बस की चपेट में आने से बाइक सवार दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में पत्नी की मौत हो गई, जबकि पति का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, सिकरारा थाना क्षेत्र के सीठापुर गांव निवासी अख्तर अली (45) बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी पत्नी शहनाज (36) को बाइक पर बैठाकर किसी काम से जौनपुर शहर आ रहे थे। फतेहगंज बाजार के पास उनकी बाइक बस की चपेट में आ गई। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से एंबुलेंस के जरिए दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने शहनाज को मृत घोषित कर दिया, जबकि अख्तर अली का उपचार जारी है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।








