
हीरो एजेंसी में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़, केस दर्ज

जौनपुर। नेवढ़िया बाजार बाईपास रोड स्थित अग्रिम हीरो मोटरसाइकिल एजेंसी में घुसकर कर्मचारियों से मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। एजेंसी संचालक विपिन कुमार सिंह की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद और छह से आठ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। शिकायत के अनुसार, 8 नवंबर की शाम करीब सात बजे 10 से 12 लोग अपाचे और पल्सर समेत अन्य मोटरसाइकिलों से एजेंसी पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान कैशियर प्रशांत सिंह के सिर में चोट आई। हमलावरों ने शोरूम में खड़ी मोटरसाइकिलों और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचाया। आरोपी भागते समय अपनी दो मोटरसाइकिलें मौके पर छोड़ गए। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।








