
किशोरियों को लैंगिक भेदभाव के प्रति किया जागरूक

जौनपुर। ‘नई उम्मीद’ कार्यक्रम के तहत 9 और 10 नवंबर को अक्खीपुर ग्राम पंचायत भवन में दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया। इसमें संस्था से जुड़ी किशोरियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण का मुख्य विषय लैंगिक भेदभाव और हिंसा रहा। प्रेस को जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि कार्यक्रम का उद्देश्य किशोरियों को लैंगिक समानता के प्रति जागरूक करना और सामाजिक बदलाव के लिए प्रेरित करना था। प्रशिक्षकों ने उन्हें लैंगिक भेदभाव के विभिन्न पहलुओं, उससे जुड़ी हिंसा और अपने अधिकारों की जानकारी दी। संवाद, उदाहरणों और सामूहिक गतिविधियों के माध्यम से किशोरियों को भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाने और सामाजिक चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशिक्षण का संचालन शाइस्ता परवीन और रीतु यादव ने किया। इस अवसर पर रंजना शुक्ला, ज्योति भारती, प्रिया सिंह और सत्य प्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। संस्था ने भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की बात कही।








