
पिकअप ने बाइक में मारी टक्कर, गड्ढे में कूदकर युवक ने बचाई जान

चंदवक, जौनपुर। कनौरा गांव से गोवंश लादकर देवगांव की ओर जा रही पिकअप को रोकने के दौरान बाइक सवार युवक को वाहन से कुचलने के प्रयास का आरोप लगा है। युवक ने सड़क किनारे गड्ढे में कूदकर अपनी जान बचाई। पिकअप की टक्कर से उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। ग्रामीणों ने वाहन को घेरकर चालक को पकड़ लिया। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कनौरा निवासी रोनित सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे उसे सूचना मिली कि पिकअप से गोवंश को देवगांव की ओर ले जाया जा रहा है। पुलिस को सूचना देने के बाद वह गिरिराज कुमार, साहिल और चंद्रशेखर गौड़ के साथ बाइक से पिकअप का पीछा करने लगा। आजमगढ़-वाराणसी मार्ग पर पीएसीएफ गोदाम के पास उन्होंने वाहन रोकने का प्रयास किया।
रोनित का आरोप है कि पिकअप में बैठे व्यक्ति ने चालक से वाहन चढ़ाकर मारने के लिए कहा। इसके बाद चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। दोबारा कुचलने का प्रयास करने पर रोनित ने सड़क किनारे गड्ढे में कूदकर जान बचाई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पिकअप को घेर लिया।
तहरीर के मुताबिक पिकअप में चालक ताहिर पुत्र नूर मोहम्मद, बंधु पुत्र बद्दू निवासी रामपुर कंजहित, थाना देवगांव और एक अज्ञात व्यक्ति सवार था। इसी दौरान संतोष सिंह उर्फ पुल्लू निवासी चेवार पर बंधु और अज्ञात युवक को छुड़ाकर ले जाने का आरोप लगाया गया है। सूचना पर बजरंगनगर पुलिस मौके पर पहुंची और पिकअप तथा पकड़े गए ताहिर को थाने ले गई।
मामले में पिकअप में एक वृद्ध गोवंश लदा होने की बात सामने आई है, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कराया है। वहीं, चालक के देवगांव कोतवाली पहुंचकर अलग रिपोर्ट दर्ज कराने की बात भी सामने आई है। घटनाक्रम को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से गोवंश को ले जाने की गतिविधि की जानकारी पुलिस को थी या नहीं, इसकी भी जांच की जरूरत है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की पड़ताल कर रही है। जांच के बाद घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।








