
आंधी से जगह-जगह पेड़ गिरे, खंभे व तार टूटे, बिजली आपूर्ति बाधित

चंदवक, जौनपुर। क्षेत्र में तीन दिनों से हो रही तेज बारिश और आंधी से जनजीवन प्रभावित हो गया है। जगह-जगह पेड़ और पेड़ों की डालियां टूटकर गिरने से बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त हो गए। इससे रात से ही विद्युत आपूर्ति बाधित है। बिजली न आने से लोगों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मोबाइल चार्ज नहीं होने से भी लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
चंदवक-हरिहरपुर मार्ग पर थाना परिसर स्थित मंदिर के पास पीपल के पेड़ की मोटी डाल टूटकर बिजली के तार पर गिर गई। इससे खंभा और तार टूट गया। पेड़ की डाल सड़क पर गिरने से कुछ समय तक आवागमन भी बाधित रहा। बाद में लोगों को किसी तरह रास्ते से होकर गुजरना पड़ा।
इसके अलावा मुकुरीपुर, रामदेवपुर, मढ़ी समेत दर्जनों गांवों में भी तेज हवा और बारिश के कारण पेड़ तथा उनकी डालियां रास्तों पर गिर गईं। इससे राहगीरों को आवागमन में परेशानी हुई। क्षेत्र में सबसे अधिक दिक्कत विद्युत आपूर्ति बाधित होने से हुई। रात से बंद बिजली आपूर्ति शनिवार शाम तक बहाल नहीं हो सकी थी, जिससे ग्रामीणों में परेशानी बनी रही।









