
जौनपुर में हज-2027 के लिए महिलाओं को 500 सीटों की सुविधा

जौनपुर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, सरोजनीनगर, लखनऊ की ओर से हज-2027 के लिए महिलाओं हेतु 500 सीटें आवंटित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि ऐसी महिलाएं, जो किसी कारणवश अपने महरम के साथ हज कमेटी ऑफ इंडिया के परिपत्र संख्या-14, दिनांक 16 सितंबर 2026 के तहत आवेदन नहीं कर सकीं और उनके महरम का हज-2027 के लिए चयन हो चुका है, वे अपने महरम के कवर में सम्मिलित होने के लिए इस सुविधा के तहत आवेदन कर सकती हैं।
महिला आवेदक ने पूर्व में हज कमेटी या हज ग्रुप आयोजक के माध्यम से हज नहीं किया होना चाहिए। आवेदन केवल हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर ऑनलाइन किया जा सकेगा। आवेदन प्रक्रिया 23 सितंबर से शुरू होकर 7 अक्टूबर 2026 तक चलेगी। ऑफलाइन, हस्तलिखित अथवा टाइप किया हुआ आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
आवेदक के पास आवेदन की तिथि से पहले जारी वैध मशीन पठनीय पासपोर्ट होना जरूरी है, जिसकी वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। आवेदन के दौरान पासपोर्ट के प्रथम एवं अंतिम पृष्ठ, पासपोर्ट आकार का फोटो, आवासीय पते का प्रमाण और महरम से संबंध प्रमाणित करने वाला दस्तावेज अपलोड करना होगा।
जिस कवर में महिला आवेदन कर रही है, उसमें उनका आवेदन शामिल करने के बाद पांच से अधिक आवेदन मान्य नहीं होंगे। निर्धारित 500 सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में डिजिटल रैंडम चयन यानी ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से चयन किया जाएगा।








