
जौनपुर में आनंदम योग एवं वेलनेस सेंटर का शुभारंभ

- आनंदम योग एवं वेलनेस सेंटर का शुभारंभ
- योग से स्वस्थ और अनुशासित जीवन का संदेश
- महिलाओं और युवाओं को योग से जोड़ने पर जोर
- योगाभ्यास से स्वस्थ समाज बनाने का आह्वान
जौनपुर। नगर के सुहाग मैरिज हॉल के पास मुरादगंज रुद्रपुरम कॉलोनी सेक्टर-2 में आनंदम योग एवं वेलनेस सेंटर का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण विरासत है। आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग लोगों को स्वस्थ और अनुशासित जीवन जीने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि गांव और शहरों में योग एवं वेलनेस सेंटर खुलने से लोगों को नियमित योगाभ्यास करने के साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने का अवसर मिलेगा। ऐसे केंद्र समाज को स्वस्थ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
राष्ट्रीय हिंदू भगवा वाहिनी की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अंजना सिंह ने कहा कि महिलाओं के लिए योग और वेलनेस सेंटर विशेष रूप से उपयोगी हैं। योग के माध्यम से महिलाएं शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति और आत्मविश्वास पर भी ध्यान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि प्रत्येक क्षेत्र में नियमित योग कक्षाएं और स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होने चाहिए, ताकि परिवार और समाज दोनों को इसका लाभ मिल सके।

योग गुरु अचल हरिमूर्ति ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने का माध्यम नहीं, बल्कि शरीर, मन और जीवनशैली में संतुलन स्थापित करने की प्रक्रिया है। नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित कर सकता है। प्रशिक्षित मार्गदर्शन में योग सीखने के लिए ऐसे केंद्र उपयोगी साबित हो सकते हैं।
पतंजलि नगर महिला योग समिति की प्रभारी क्षमा सिंह ने कहा कि महिलाओं और युवाओं को योग से जोड़ना आज की आवश्यकता है। वेलनेस सेंटर के माध्यम से योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाई जा सकती है। ऐसे केंद्र स्वस्थ जीवन के लिए सामुदायिक मंच के रूप में भी काम कर सकते हैं।

कार्यक्रम के अंत में योग प्रशिक्षक अर्जुन सिंह एवं त्रयम्बक मिश्रा ने अतिथियों के प्रति आभार जताया। इस अवसर पर डॉ. रमेश सिंह, शैलेंद्र सिंह, पतंजलि स्वाभिमान प्रभारी शशिभूषण, जिला योग विस्तारक अमरनाथ, नंदलाल, समाजसेवी प्रदीप तिवारी, जगदीश यादव, योग प्रशिक्षिका रूपम शुक्ला एडवोकेट, शनि मोदनवाल, दिलशाद अहमद, आशुतोष मिश्रा सहित बड़ी संख्या में योग साधक मौजूद रहे।









