जौनपुर। ड्यूटी में लापरवाही और अभ्यस्त व दुस्साहसी अभियुक्तों की निगरानी में चूक पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। उन्होंने सरायख्वाजा और लाइन बाजार थाने में तैनात तीन उपनिरीक्षकों समेत 10 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। एक साथ दो थानों के पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी के अनुसार संबंधित पुलिसकर्मियों द्वारा कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता तथा अभ्यस्त एवं दुस्साहसी अभियुक्तों की प्रभावी निगरानी में लापरवाही बरती गई। इसे गंभीरता से लेते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है।

सरायख्वाजा थाने में तैनात उपनिरीक्षक गोविन्द मौर्या, उपनिरीक्षक खलीकुज्जमा, मुख्य आरक्षी मनोज गोंड, मुख्य आरक्षी शशि प्रकाश सिंह, मुख्य आरक्षी धनन्जय यादव और आरक्षी अक्षय कुमार को निलंबित किया गया है। वहीं, लाइन बाजार थाने के उपनिरीक्षक रामभरोसा राम, उपनिरीक्षक धन्जी चौधरी, मुख्य आरक्षी मुकेश कुमार सिंह और आरक्षी विश्वास यादव पर कार्रवाई हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभ्यस्त और दुस्साहसी अपराधियों पर प्रभावी निगरानी कानून-व्यवस्था बनाए रखने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा। एसएसपी की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही और अनुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में कड़ा संदेश माना जा रहा है।


