• Wed. Sep 9th, 2026

    वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण कर बुजुर्गों की समस्याएं जानीं

    Share

    जौनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जौनपुर श्री सुशील कुमार शशि के निर्देशन में बुधवार को सैयद अलीपुर सदर स्थित निःशुल्क वृद्धजन आवास वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान वृद्धाश्रम में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का भी आयोजन हुआ।

    सिविल जज सीडि./सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री सुशील कुमार सिंह एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री विजय कुमार पाण्डेय ने वृद्धाश्रम में रह रहे बुजुर्गों से वार्ता कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। वृद्धजनों ने आश्रम में किसी प्रकार की समस्या नहीं होने की बात कही। अधिकारियों ने आश्रम में साफ-सफाई की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।

    विधिक जागरूकता शिविर को संबोधित करते हुए सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने वृद्धजनों के अधिकारों और माता-पिता के भरण-पोषण से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वयस्क पुत्र-पुत्री अपने माता-पिता के भरण-पोषण के लिए उत्तरदायी होते हैं। उनकी अनुपस्थिति में पौत्र-पौत्री एवं दत्तक पुत्र की भी जिम्मेदारी हो सकती है। भोजन, वस्त्र, आवास, रहन-सहन अथवा किसी आपात स्थिति में परेशानी होने पर संबंधित अधिकारियों को सूचना देने अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण में प्रार्थना पत्र देने की सलाह दी गई।

    उन्होंने बताया कि भरण-पोषण से संबंधित आवेदन का निस्तारण सामान्यतः 90 दिनों में किया जा सकता है तथा आवश्यकता होने पर अधिकतम 30 दिन की अतिरिक्त अवधि दी जा सकती है। भरण-पोषण संबंधी कानून सभी धर्मों के लोगों पर लागू होता है।

    जिला प्रोबेशन अधिकारी विजय कुमार पाण्डेय ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए बताया कि वृद्धाश्रम में बुजुर्गों के लिए आरामदायक आवास, पौष्टिक भोजन, स्वास्थ्य देखभाल, मनोरंजन, आपातकालीन सेवा, परामर्श एवं पुनर्वास जैसी सुविधाओं की व्यवस्था की जाती है। उन्होंने वृद्धजनों को पेंशन एवं अन्य कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी। बताया कि इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है तथा 80 वर्ष से अधिक आयु के पात्र बुजुर्गों को बढ़ी हुई सहायता राशि का लाभ मिल सकता है।

    वृद्धजनों ने वृद्धाश्रम की व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर प्रबंधक रमेश उपाध्याय, रवि कुमार चौबे, स्टोर कीपर ज्योति विश्वकर्मा, लेखाकार, केयर टेकर महिला देवी, रसोइया श्री रामरीष सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *