जौनपुर। बेलौना कला गांव की सात वर्षीय सिया गोविंद दुबे ने कूडो खेल में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्टेट लेवल एवं ओपन कूडो टूर्नामेंट में दो रजत पदक हासिल कर गांव और जिले का नाम रोशन किया है। इतनी कम उम्र में सिया की इस उपलब्धि से परिवार और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
सिया ने मेहनत, लगन, अनुशासन, आत्मविश्वास और नियमित अभ्यास के बल पर यह सफलता हासिल की। पढ़ाई के साथ खेल के प्रति उसका समर्पण और आगे बढ़ने का जज्बा अन्य बच्चों के लिए भी प्रेरणादायक है।
सिया की सफलता में उसके पिता गोविंद दुबे का विशेष योगदान रहा। उन्होंने बेटी की प्रतिभा को पहचानकर उसे खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया। प्रशिक्षण से लेकर प्रतियोगिताओं में भागीदारी तक उन्होंने हर कदम पर बेटी का साथ दिया।
सिया की उपलब्धि पर परिवार, ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने उसे बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। लोगों को उम्मीद है कि सिया भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शानदार प्रदर्शन कर जौनपुर और देश का नाम रोशन करेगी।

