• Fri. Sep 4th, 2026

    एकजुटता और निरंतर कर्म से लक्ष्य की प्राप्ति : कुलपति

    Share

    जन्माष्टमी पर छात्रावास में दही-हांडी कार्यक्रम

    जौनपुर। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के श्रीनिवास रामानुजन अनुसंधान भवन छात्रावास में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर दही-हांडी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कुलपति प्रोफेसर राकेश कुमार सिंह ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं।

    कुलपति प्रो. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि दही-हांडी फोड़ने में पूरी टीम की एकजुटता और सहयोग की आवश्यकता होती है। इसी प्रकार जीवन में भी मिलकर प्रयास करने से लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, एकजुटता और लक्ष्य के प्रति समर्पण के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।

    भगवान श्रीकृष्ण के कर्मयोग का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का वर्तमान कर्म पढ़ाई, ज्ञानार्जन और व्यक्तित्व विकास है। उन्हें फल की चिंता किए बिना पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपने कर्म पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समय जीवन की सबसे महत्वपूर्ण पूंजी है, इसलिए इसका सदुपयोग करते हुए विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।

    कुलपति ने कहा कि विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं, योग्य शिक्षक, प्रयोगशालाएं तथा अध्ययन-अनुसंधान के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रहा है। विद्यार्थियों को इनका अधिकतम उपयोग कर अपने भविष्य को बेहतर बनाना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय का भविष्य बताते हुए कहा कि उनकी सफलता के साथ विश्वविद्यालय का नाम भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।

    कुलसचिव डॉ. विनोद कुमार सिंह, चीफ वार्डन प्रोफेसर अविनाश , छात्रावास वार्डन डॉ. सुशील कुमार सहित शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों ने दही-हांडी के साथ भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *