• Thu. Sep 3rd, 2026

    बारिश में भरभराकर गिरा विधवा का कच्चा मकान

    Trim
    Share

    मड़ियाहूं। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के अहिरौली शीतलगंज गांव में बुधवार रात बारिश के दौरान एक विधवा महिला का जर्जर कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान के अंदर रखा अनाज, कपड़े, बर्तन समेत गृहस्थी का अन्य सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। गनीमत रही कि हादसे के समय महिला मकान के अंदर मौजूद नहीं थी, जिससे उसकी जान बच गई।

    अहिरौली शीतलगंज निवासी हीरावती देवी पत्नी स्व. राम लखन गौड़ काफी समय से पुराने और जर्जर मकान में अकेली रह रही थीं। बुधवार शाम खाना खाने के बाद वह पड़ोस में सोने चली गईं। इसी दौरान रात में हुई तेज बारिश के बीच उनका कच्चा मकान अचानक ढह गया। मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और महिला को सुरक्षित देखकर राहत की सांस ली।

    मकान गिरने से घर में रखा गृहस्थी का सामान मलबे में दब गया और काफी नुकसान हुआ। पीड़िता ने बताया कि वह कई बार प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की मांग कर चुकी हैं, लेकिन अब तक उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल सका।

    ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़िता की स्थिति को देखते हुए तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास दिलाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि बारिश के मौसम में जर्जर मकान में रहना बेहद जोखिम भरा है। समय रहते मदद मिलने से पीड़िता को सुरक्षित आश्रय मिल सकेगा।

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *