• Wed. Sep 2nd, 2026

    कलेक्ट्रेट में सीएम युवा उद्यमी योजना की कार्यशाला

    Share

    300 से अधिक लाभार्थियों और बैंकर्स को दिया गया प्रशिक्षण

    जौनपुर। युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान योजना के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देशन एवं मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यशाला में 300 से अधिक लाभार्थियों के साथ विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों ने प्रतिभाग किया।

    कार्यशाला में लाभार्थियों और बैंकर्स को अलग-अलग चरणों में प्रशिक्षण दिया गया। पहले चरण में कॉर्पोरेट ट्रेनर एवं मुख्य वक्ता डॉ. अमित सिन्हा ने युवाओं को योजना की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, परियोजना रिपोर्ट तैयार करने, ऋण आवेदन प्रक्रिया और व्यवसाय प्रबंधन की जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को प्रस्तावित उद्यम की स्थापना और संचालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं से भी अवगत कराया।

    दूसरे चरण में बैंक अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। पूर्व बैंकर एवं विशेषज्ञ मुकेश वार्ष्णेय ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से ऋण आवेदनों के त्वरित निस्तारण, पोर्टल की तकनीकी प्रक्रिया और ऋण स्वीकृति के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं के समाधान की जानकारी दी। जिला उद्योग केंद्र, समाधान समिति और बैंकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया गया।

    डिप्टी कमिश्नर इंडस्ट्रीज आशुतोष सहाय पाठक ने कहा कि कार्यशाला का उद्देश्य लाभार्थियों और वित्तीय संस्थानों के बीच समन्वय मजबूत करना है, ताकि पात्र युवाओं को समयबद्ध और सुगम तरीके से ऋण उपलब्ध कराया जा सके। इससे युवा अपना स्वरोजगार स्थापित करने के साथ रोजगार के नए अवसर भी सृजित कर सकेंगे।

    कार्यशाला में कोऑर्डिनेटर धीरेन्द्र सिंह चौहान ने भी लाभार्थियों के साथ अपने अनुभव साझा किए और उद्यम स्थापना, वित्तीय प्रबंधन, बैंकिंग प्रक्रिया तथा व्यवसाय संचालन से संबंधित जानकारी दी। लाभार्थियों ने योजना से जुड़े सवाल और जिज्ञासाएं रखीं, जिनका विशेषज्ञों और अधिकारियों ने समाधान किया।

    इस दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत मात्र 72 घंटे में तीन लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर स्वदेशी पेपर प्लेट निर्माण उद्योग संचालित कर रहे भरोठा खलीलपुर निवासी प्रदीप कुमार प्रजापति ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने सफल उद्यम संचालन में सहयोग के लिए सरकार, जिला उद्योग केंद्र और बैंक के प्रति आभार जताया।

    कार्यक्रम में असिस्टेंट कमिश्नर जय प्रकाश, अग्रणी जिला प्रबंधक कुमार हर्षमान, अपर सांख्यिकीय अधिकारी विनायक शंकर तिवारी, सहायक प्रबंधक रामनवल चौहान, रणजीत कुमार वर्मा सहित जिला उद्योग केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी, समाधान समिति के सदस्य, प्रशिक्षण विशेषज्ञ और विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *