चोरी की राम, लक्ष्मण और सीता की मूर्तियां बरामद
जौनपुर। मंदिरों से मूर्ति और घंटा चोरी करने वाले गिरोह का लाइन बाजार पुलिस, स्वाट और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने खुलासा करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से चोरी की तीन मूर्तियां, मंदिरों के 24 घंटे और चोरी में इस्तेमाल की जाने वाली सफेद रंग की कार बरामद की है। कार्रवाई 2 सितंबर को रामपुर थाना क्षेत्र के कुंभापुर गांव में की गई। पुलिस के अनुसार जनपद के मीरगंज, पवारा और लाइन बाजार थाना क्षेत्रों के विभिन्न मंदिरों से घंटा और मूर्तियां चोरी होने की शिकायतें सामने आई थीं। मामले की जांच के दौरान पुलिस टीमों को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर कुंभापुर गांव में कार्रवाई करते हुए पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने पवारा थाने में दर्ज मुकदमे से संबंधित पीली धातु की भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और सीता माता की तीन मूर्तियां बरामद की हैं। इसके अलावा मीरगंज क्षेत्र के दो मुकदमों से संबंधित तीन मंदिर के घंटे और लाइन बाजार क्षेत्र से चोरी किए गए दो घंटे भी बरामद हुए हैं।
विभिन्न मंदिरों से चोरी किए 21 घंटे भी मिले
पुलिस के मुताबिक आरोपितों के पास से अलग-अलग मंदिरों से चोरी किए गए छोटे-बड़े कुल 21 घंटे भी बरामद किए गए। इस तरह पुलिस ने कुल 24 मंदिर के घंटे बरामद किए हैं। चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जाने वाली सफेद रंग की किआ सोनेट कार भी पुलिस ने कब्जे में ली है। गिरफ्तार आरोपितों में शिवप्रकाश तिवारी उर्फ राजन, ब्रह्मदेव तिवारी उर्फ ओम तिवारी, रोहित गुप्ता पुत्र राकेश कुमार गुप्ता, रामबाबू जायसवाल और रोहित गुप्ता पुत्र अवधनारायण गुप्ता शामिल हैं। सभी आरोपी रामपुर थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी आरोपितों का चालान न्यायालय भेजा जा रहा है। कार्रवाई में थाना लाइन बाजार के प्रभारी निरीक्षक केके सिंह, स्वाट प्रभारी यजुवेंद्र सिंह, एसओजी प्रभारी प्रवीण यादव सहित स्वाट, एसओजी और लाइन बाजार थाने की पुलिस टीम शामिल रही।


