चंदवक, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के कोइलारी गांव निवासी सत्यभान सिंह के पुत्र गौरव सिंह ने अपनी मेहनत और बेहतर रणनीति के दम पर जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) परीक्षा में सफलता हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। गौरव इससे पहले पांच बार यूजीसी-नेट परीक्षा उत्तीर्ण कर चुके हैं। छठे प्रयास में जेआरएफ में सफलता मिलने पर परिवार और क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
गौरव सिंह ने एलकेजी से इंटरमीडिएट तक की पढ़ाई भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज से पूरी की। इसके बाद इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक और परास्नातक की पढ़ाई पूरी की। पढ़ाई के साथ ही उन्होंने यूजीसी-नेट और जेआरएफ की तैयारी शुरू की। पांच बार यूजीसी-नेट उत्तीर्ण करने के बावजूद उन्होंने जेआरएफ के लिए प्रयास जारी रखा। आखिरकार छठे प्रयास में उनकी मेहनत रंग लाई।
गौरव ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, परिवार, शिक्षकों और तैयारी के दौरान मार्गदर्शन करने वाले साथियों को दिया। उन्होंने कहा कि लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत और सही रणनीति से सफलता हासिल की जा सकती है।
भारतीय इंटरमीडिएट कॉलेज के प्रबंधक अरविंद सिंह ने गौरव को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित परीक्षा में उनकी सफलता पूरे क्षेत्र और विद्यालय के लिए गर्व का विषय है।


