नेपाल त्रासदी में 24 घंटे के भीतर लायंस क्लब इंटरनेशनल ने भेजी थी 2 लाख डॉलर की मदद: डॉ. क्षितिज शर्मा
लायंस क्लब जौनपुर गोमती का 37वां अधिष्ठापन समारोह भव्यता के साथ सम्पन्न
जौनपुर। लायंस क्लब जौनपुर गोमती का 37वां अधिष्ठापन समारोह रविवार की देर रात शहर के एक प्रतिष्ठित होटल में भव्य एवं गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। समारोह में नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सेवा, समर्पण, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के साथ क्लब की गौरवशाली परंपराओं को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। समारोह के दौरान सेवा कार्यों को और व्यापक बनाने तथा समाज के जरूरतमंद वर्ग तक सहायता पहुंचाने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं विष्णुप्रिया द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद ध्वज वंदना और राष्ट्रगान के साथ समारोह को औपचारिक रूप से आगे बढ़ाया गया। क्लब के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने समारोह में उपस्थित अतिथियों का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।

समारोह के मुख्य अतिथि मंडलाध्यक्ष उदय चंदानी ने कहा कि लायंस क्लब का उद्देश्य केवल कार्यक्रमों का आयोजन करना नहीं है, बल्कि सेवा के माध्यम से समाज में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाना है। उन्होंने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग की जरूरतों को समझकर उसके अनुरूप सेवा कार्य करना ही संस्था की वास्तविक पहचान है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
उद्घाटनकर्ता जीएटी एरिया लीडर डॉ. क्षितिज शर्मा ने लायंस क्लब इंटरनेशनल की सेवा भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि नेपाल में आई भीषण प्राकृतिक त्रासदी के दौरान बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और पूरा देश उस आपदा का दंश झेल रहा था। ऐसे कठिन समय में लायंस क्लब इंटरनेशनल ने तत्काल पहल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर 2 लाख डॉलर की आर्थिक मदद भेजी। उन्होंने कहा कि यह उदाहरण साबित करता है कि लायंस क्लब केवल सेवा का संदेश देने वाली संस्था नहीं, बल्कि जरूरत की घड़ी में मानवता के साथ खड़ी रहने वाली वैश्विक संस्था है।
अधिष्ठापन अधिकारी उपमंडलाध्यक्ष प्रथम उमेश चंद्र कक्कड़ तथा दीक्षा अधिकारी उपमंडलाध्यक्ष द्वितीय श्याम बाबू वर्मा ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं नए सदस्यों को उनके दायित्वों की जानकारी देते हुए सेवा, निष्ठा, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व की शपथ दिलाई। इस दौरान आजम जैदी, आरिफ अनस, डॉ. सबाह और डॉ. एमएम खान ने लायंस क्लब की सदस्यता ग्रहण की।
समारोह में निवर्तमान अध्यक्ष लायन डॉ. राजेश मौर्या ने सत्र 2025-26 का अध्यक्षीय प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने पिछले कार्यकाल में क्लब द्वारा किए गए विभिन्न सेवा कार्यों एवं सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। सचिव लायन खुशबू गुप्ता ने सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए क्लब की गतिविधियों और उपलब्धियों का विवरण रखा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष लायन सैय्यद हसनैन कमर ‘दीपू’ ने कहा कि आगामी कार्यकाल में लायंस क्लब जौनपुर गोमती की सेवा गतिविधियों को और व्यापक एवं प्रभावी स्वरूप प्रदान किया जाएगा। उन्होंने क्लब के सभी सदस्यों से एकजुट होकर कार्य करने और सेवा भावना को मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास रहेगा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा का लाभ पहुंचाया जा सके।

नवनिर्वाचित सचिव लायन नवीन मिश्रा ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग एवं सहभागिता से स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जरूरतमंदों की सहायता और जनकल्याण के विभिन्न क्षेत्रों में निरंतर सेवा कार्य किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि आगामी कार्यकाल में सेवा परियोजनाओं को अधिक योजनाबद्ध तरीके से संचालित कर समाज के अधिक से अधिक लोगों को लाभान्वित करने का प्रयास किया जाएगा।

समारोह में डि. डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रतिमा गुप्ता, कैबिनेट कोषाध्यक्ष सतीश टंडन, कैबिनेट पीआरओ ब्रजेन्द्र बाजपेयी, रीजन चेयरपर्सन मनीष कुमार अग्रहरि, जोन चेयरपर्सन संजीव साहू सहित मंडल के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे। क्लब की प्रथम महिला डॉ. तसनीम फात्मा, नवनिर्वाचित कोषाध्यक्ष ऋषिदेव, पूर्व एवं वर्तमान पदाधिकारी, क्लब के सदस्य एवं उनके परिवारजन भी समारोह में मौजूद रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन लायन नवीन मिश्रा ने किया। समारोह के समापन पर मनीष गुप्ता, संयोजक गौरव श्रीवास्तव एवं शिव कुमार साहू ने अतिथियों, पदाधिकारियों, सदस्यों एवं उनके परिवारजनों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्लब सेवा कार्यों को नई ऊर्जा, नई दिशा और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर पूर्व चेयरमैन दिनेश टंडन, वरिष्ठ पत्रकार कैलाश सिंह, सोमेश्वर केसरवानी, मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एए जाफरी, डॉ. मैहर अब्बास, फैसल हसन तबरेज, पूर्व जिलाध्यक्ष कांग्रेस, शम्सी आजाद, भाजपा नेता, अबूजर, ब्रह्मेश शुक्ला सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


