• Tue. Aug 25th, 2026

    कृषि विभाग में चयनित 71 प्राविधिक सहायकों को मिले नियुक्ति पत्र

    Share

    जौनपुर। कृषि विभाग में प्राविधिक सहायक ग्रुप-सी के पद पर चयनित अभ्यर्थियों को मंगलवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में नियुक्ति/चयन पत्र वितरित किए गए। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा चयनित अभ्यर्थियों के लिए आयोजित कार्यक्रम में लखनऊ से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी किया गया।

    कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया सहित जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना।

    भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति ने नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पारदर्शी तरीके से सरकारी नियुक्तियां की जा रही हैं। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 71 प्राविधिक सहायकों का चयन हुआ है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से शासन की मंशा के अनुरूप कार्य करते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने में योगदान देने की अपील की।

    डॉ. अजय सिंह ने नवनियुक्त कृषि कर्मियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे कृषि क्षेत्र में पूरी निष्ठा और ‘नेशन फर्स्ट’ की भावना से कार्य करें। उन्होंने कहा कि किसानों के हित में शासन की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल तक पहुंचाना कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।

    जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को बधाई देते हुए कहा कि वे ईमानदारी, निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक किसानों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

    मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया ने भी नवनियुक्त अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं और कृषि एवं किसान हित से जुड़ी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

    उप कृषि निदेशक अश्वनी सिंह ने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन डिप्टी पीडी आत्मा डॉ. रमेश चंद्र यादव ने किया। इस दौरान भाजपा महामंत्री पीयूष गुप्ता, राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव के प्रतिनिधि अजय सिंह, जिला कृषि अधिकारी विनय सिंह, जिला कृषि रक्षा अधिकारी विवेक कुमार सहित अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में नवनियुक्त प्राविधिक सहायकों में उत्साह का माहौल रहा।

    Trim

    Leave a Reply

    Your email address will not be published. Required fields are marked *